देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि लोकतंत्र सेनानियों को दी जाने वाली मासिक सम्मान निधि को राज्य सरकार और बढ़ाने जा रही है। आपातकाल लगाए जाने के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित संविधान हत्या दिवस कार्यक्रम में उन्होंने यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि लोकतंत्र सेनानियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए शासन स्तर पर एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के कल्याण और अधिकारों को लेकर आगामी मानसून सत्र में एक विधेयक लाया जाएगा। उन्होंने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताते हुए कहा कि 25 जून 1975 को देश में तानाशाही थोपने का प्रयास हुआ, लेकिन लोकतंत्र सेनानियों ने जेल की कालकोठरियों में रहकर भी लोकतंत्र का दीपक बुझने नहीं दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों और उनके स्वजनों का अभिनंदन करते हुए उन्हें भारतीय लोकतंत्र का सच्चा प्रहरी बताया।

संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263