काशीपुर। आज भाजपा के काशीपुर नगर मंडल के तत्वाधान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान तिरंगा यात्रा में शामिल हुए सैकड़ों लोगों ने भारत माता की जय और देशभक्ति से जुड़े जयघोष लगाए। दरअसल आजादी की वर्षगांठ से दो दिन पूर्व काशीपुर में आज मोहल्ला किला से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा किला बाज़ार से प्रारंभ होकर महाराणा प्रताप चौक तक निकाली गई। इस दौरान शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा में नगर मंडल अध्यक्ष मानवेंद्र मानस और पीसीयू चैयरमैन राम मेहरोत्रा के अलावा अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी हाथों में तिरंगा लहराते हुए भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से वातावरण गुंजायमान कर रहे थे। यात्रा के दौरान जगह-जगह देशभक्ति गीतों की धुन पर कार्यकर्ता झूमते दिखाई दिए। इस दौरान तिरंगा यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं और नागरिकों में देशभक्ति की भावना जागृत करना और राष्ट्र की एकता-अखंडता का संदेश देना है। महाराणा प्रताप चौक पर यात्रा का समापन हुआ, जहां उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान पीसीयू चैयरमैन राम मेहरोत्रा ने कहा कि लोगों में राष्ट्रभक्ति और देशभक्ति जगाने के लिए हर वर्ष इस तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाता है। देश के सैनिकों के सम्मान में और पड़ोसी मुल्क के द्वारा समय समय आंख दिखाई जाती है। ऐसे समय में पड़ोसी देश को जबाव देने के लिए युवाओं में जोश भरने और राष्ट्रभक्ति जागृत करने के लिए इस तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाता है। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह मानस ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा देश और प्रदेश के विभिन्न स्थानों से लेकर जिले तथा शहर स्तर तक निकाली जा रही है। वहीं उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व काशीपुर में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस में मनाया जाएगा। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश मंत्री सीमा चौहान ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर यह यात्रा पूरे देश के साथ साथ प्रदेश भर के हर मंडल स्तर पर निकाली जा रही है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश की आजादी में शहीद हुए देश भक्तों को भी याद किया जा रहा है, जिनके बलिदान की बदौलत आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं।

संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263