काशीपुर, 17 अगस्त। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज और निरंकारी राजपिता रमित जी के आशीर्वाद से संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा ‘वननेस वन’ परियोजना के पांचवें चरण का आयोजन देशभर के 600 से अधिक स्थलों पर श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिन्दर सुखीजा ने बताया कि ‘वननेस वन’ केवल वृक्षारोपण अभियान नहीं है, बल्कि यह प्रकृति से जुड़ाव, मानवीय उत्तरदायित्व और सह-अस्तित्व की भावना को सुदृढ़ करने का प्रयास है। वर्ष 2021 में शुरू हुआ यह अभियान अब हरे-भरे वृक्षों और लघु वनों का स्वरूप ले चुका है। इन वनों में प्रवासी पक्षियों की वापसी और जैव विविधता का पुनर्जीवन इस पहल की सफलता को प्रमाणित करता है।काशीपुर शहर में भी इस अवसर पर राजकीय पशु चिकित्सालय परिसर में वृक्षारोपण और सफाई अभियान आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 350 निरंकारी सेवादारों और बच्चों ने भाग लिया। कीचड़ भरे परिसर को भी उन्होंने अपने सामूहिक प्रयास से स्वच्छ और सुंदर बना दिया। स्थानीय स्वास्थ्य विभाग के इंचार्ज ने इस सेवा कार्य की सराहना की, जबकि स्थानीय मुखी राजेंद्र अरोड़ा ने सभी संतों और स्वास्थ्य अधिकारियों का आभार जताते हुए सतगुरु माता जी का संदेश साझा किया।‘वननेस वन’ अभियान भविष्य की पीढ़ियों के लिए हरीतिमा से समृद्ध वातावरण देने का संकल्प है। लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का लक्ष्य उन्हें घने और स्वावलंबी वनों में बदलना है। सतगुरु की छाया में चल रहा यह अभियान सेवा, समर्पण और प्रकृति प्रेम को आध्यात्मिक साधना के रूप में प्रस्तुत करता है। यह स्पष्ट संदेश देता है कि वृक्ष लगाना केवल एक कार्य नहीं, बल्कि एक संस्कार है और सेवा करना केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि साधना है।

संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263