देहरादून। उत्तराखंड की सियासत एक बार फिर गर्माने जा रही है। लंबे समय से कैबिनेट विस्तार का इंतजार कर रहे विधायकों की उम्मीदें अब परवान चढ़ने लगी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने राज्य मंत्रिमंडल में खाली चल रहे पांच पदों को भरने की तैयारी शुरू कर दी है। संकेत साफ हैं कि जल्द ही कैबिनेट विस्तार देखने को मिलेगा।राज्य मंत्रिमंडल में फिलहाल पांच सीटें रिक्त हैं। इनमें से चार पद लंबे समय से खाली पड़े हुए हैं, जबकि एक पद पूर्व संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद खाली हुआ। इन पदों को लेकर भाजपा विधायकों में उत्सुकता और बेसब्री बढ़ गई है। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले यह विस्तार संगठन और सरकार, दोनों के लिए अहम संतुलन साधने का काम करेगा।भाजपा सूत्रों के अनुसार हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिल्ली दौरे के दौरान शीर्ष नेतृत्व से कैबिनेट विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। माना जा रहा है कि इस पर हरी झंडी मिल चुकी है और अब सिर्फ औपचारिक घोषणा शेष है।रविवार को खुद मुख्यमंत्री धामी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी संकेत दिए। महेंद्र भट्ट ने कहा कि धामी कैबिनेट में खाली पद भरने को लेकर लंबे समय से कवायद चल रही है। बातचीत अंतिम चरण में है और बहुत जल्द रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।प्रदेश की राजनीतिक गलियारों में अब संभावित नए मंत्रियों के नामों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। भाजपा हाईकमान के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263