देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में संगठन को और मजबूत करने के लिए प्रदेश पदाधिकारियों की घोषणा कर दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर संगठन के विभिन्न मोर्चों, विभागों और पदों पर 42 नए दायित्व सौंपे गए हैं। भाजपा ने इस बार अनुभवी और नए दोनों चेहरों को शामिल कर संतुलित टीम बनाई है।पार्टी के अनुसार, इस सूची में आठ प्रदेश उपाध्यक्ष, आठ प्रदेश मंत्री, तीन महामंत्री, एक कोषाध्यक्ष और कई विभागों व मोर्चों के प्रभारी बनाए गए हैं। भाजपा ने दीप्ति रावत, कुंदन परिहार और तरुण बंसल को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं पुनीत मित्तल को प्रदेश कोषाध्यक्ष और मनवीर सिंह चौहान को लगातार तीसरी बार प्रदेश मीडिया प्रभारी बनाया गया है।महिला मोर्चा के अध्यक्ष पद की कमान इस बार रूचि भट्ट को सौंपी गई है। रूचि भट्ट लंबे समय से संगठन में सक्रिय रही हैं और विभिन्न अभियानों में उनकी भूमिका को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। महिला मोर्चा के अलावा युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा सहित अन्य मोर्चों में भी जिम्मेदारियां बांटी गई हैं।भाजपा के प्रदेश संगठन के सूत्रों के मुताबिक, इस बार प्रदेश पदाधिकारियों के चयन में क्षेत्रीय संतुलन, जातीय प्रतिनिधित्व और संगठन में सक्रियता को मुख्य आधार बनाया गया है। पार्टी चाहती है कि 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह मजबूत हो जाए और सभी मोर्चों में सक्रियता दिखे।प्रदेश पदाधिकारियों की नई टीम के गठन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी का कहना है कि इस नई टीम के साथ संगठन बूथ स्तर तक मजबूती से काम करेगा और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ 2027 के चुनावी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए काम करेगा।पार्टी ने साफ किया है कि पदाधिकारियों से अपेक्षा की जाएगी कि वे अपने-अपने विभागों व मोर्चों में सक्रिय भूमिका निभाएं और संगठन के विस्तार के साथ-साथ जनता के मुद्दों को प्राथमिकता दें। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह टीम संगठन के लक्ष्यों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और सभी को मिलकर जनता के बीच पार्टी की नीतियों और योजनाओं को पहुंचाना होगा।

संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263