उत्तराखंड में 500 नेचर गाइड तैयार करने की अनूठी पहल, पर्यटकों को मिलेगी वादियों की गहराई से जानकारी और स्थानीय युवाओं को नया रोजगार

देश-दुनिया के पर्यटकों को अपनी मनमोहक वादियों, हिमाच्छादित चोटियों, घने वनों, अनछुए प्राकृतिक स्थलों और समृद्ध जैव विविधता के लिए आकर्षित करने वाला उत्तराखंड अब पर्यटन अनुभव को और अधिक जीवंत और ज्ञानवर्धक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रहा है। राज्य पर्यटन विभाग ने इस वर्ष सभी जिलों में 500 प्रशिक्षित नेचर गाइड तैयार करने की महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है, जिसका उद्देश्य एक ओर पर्यटकों को उत्तराखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर की गहराई से जानकारी देना है और दूसरी ओर स्थानीय युवाओं को आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराना है। इस पहल के अंतर्गत चयनित युवाओं को 15 दिन का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसमें उन्हें पर्वतीय पारिस्थितिकी, वनस्पति और जीव-जंतु पहचान, बर्ड वॉचिंग, ट्रेकिंग मार्गदर्शन, आपदा के समय सुरक्षा और प्राथमिक उपचार, जैव विविधता संरक्षण, पारिस्थितिक पर्यटन के सिद्धांत, पर्यावरण-संवेदनशील व्यवहार, स्थानीय लोकसंस्कृति व इतिहास जैसी सूक्ष्म जानकारियों के साथ-साथ व्यावहारिक फील्ड एक्सरसाइज़ भी कराई जा रही हैं। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद केंद्र सरकार के अधीन पर्यटन एवं आतिथ्य कौशल परिषद (Tourism and Hospitality Skill Council) इन युवाओं को अधिकृत नेचर गाइड का प्रमाणपत्र प्रदान करेगी, जिससे उन्हें औपचारिक पहचान के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी स्किल काउंसिल ने संयुक्त रूप से अल्मोड़ा जिले के बिन्सर से इस कार्यक्रम की शुरुआत की है, जहां प्रशिक्षणार्थियों को स्थानीय परिदृश्य, जैविक गलियारे, संकटग्रस्त प्रजातियों और पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों की व्यावहारिक समझ विकसित कराई जा रही है। इस पूरी पहल से उम्मीद की जा रही है कि राज्य में आने वाले पर्यटकों को पेशेवर, जिम्मेदार और संवेदनशील गाइड मिलेंगे जो उन्हें न केवल प्राकृतिक सौंदर्य से रूबरू कराएंगे बल्कि पर्यावरण संरक्षण के महत्व और स्थानीय समुदायों की संस्कृति के बारे में भी विस्तार से बताएंगे। विशेषज्ञों के अनुसार इस कदम से उत्तराखंड में सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटन क्षेत्र में भरोसा और आकर्षण दोनों बढ़ेंगे और हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और परोक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment