काशीपुर। इस बार बाजारों में दीपावली पर्व को लेकर व्यापारियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है अभी से ही बाजार दुल्हन की तरह सजने लगे है। बर्तनों से लेकर कपड़ा और इलेक्ट्रानिक उत्पादों की दुकानों में सजावट के साथ रौनक बढ़ गई है। वाहन बाजार में भी रौनक है। व्यापारियों ने दुकानों को बिजली की आकर्षक मालाओं से सजाया है। सड़क किनारे भी जगह-जगह छोटे व्यापारियों ने भी दीपावली से संबंधित दुकानें लगा दी हैं। दीपावली पर्व का सभी लोगों को बेसब्री से इंतजार रहता है। पर्व पर नए सामान की खरीद सबसे ज्यादा होती है। इसे देखते हुए काशीपुर के बाजार भी दीपावली के लिए पूरी तरह तैयार है। दीपावली पर्व की शुरुआत 18 अक्तूबर को धनतेरस से हो रही है। दिवाली के लिए कपड़ों के अलावा खील-बताशे हाथी घोड़े और मिठाई की दुकानें भी सजने लग गई हैं। हर घर में ऐपण देने का रिवाज है। मिट्टी के दीये, पूजन सामग्री की दुकानों को व्यापारियों ने सामान से भर दिया है। आतिशबाजी के लिए चैती परिसर में दुकानें लगने की उम्मीद जतायी जा रही है। वहीं धनतेरस के लिए बर्तन बाजार में नए-नए डिजाइन के बर्तनों की भरमार है। पूजा और रसोई में इस्तेमाल होने वाले आकर्षक डिजाइन के बर्तन आ चुके हैं। पीतल, तांबे के बर्तन भी बाजार में उपलब्ध हैं। बाजार में मॉल और बड़ी दुकानों में आकर्षक गिफ्रट पैक उपलब्ध हैं। वहीं ग्राहकों को लुभाने के लिए ऑफर भी दिए जा रहे हैं। इधर, बिजली की दुकानों में झालर, मालाएं, इलेक्ट्रानिक उत्पादों की तमाम वैरायटी हैं। दीपावली पर इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रानिक उत्पादों की भी जमकर खरीद होती है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
