चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेशवासी स्वदेशी अपनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाने से देश समृद्ध होने के साथ किसान, कामगार और छोटे उद्यमी आत्मनिर्भर बनेंगे। मुख्यमंत्री धामी ने आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत चंपावत के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित विधानसभा सम्मेलन को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के विकास से जुड़ी 43 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, जिनकी कुल लागत 115.23 करोड़ रुपये है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले भारत की पहचान एक घपलों वाले और दब्बू देश के रूप में थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान बनी है। आज दुनिया में कोई भी बड़ा निर्णय या घटना होती है, तो सभी देशों की निगाहें भारत पर होती हैं। उन्होंने कहा कि भारत अब एक निर्यातक देश के रूप में उभर रहा है और हमारी प्रगति से पूरी दुनिया चकित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले देश में आतंकी घटनाओं पर सरकारें केवल निंदा करती थीं, लेकिन आज का भारत मुंहतोड़ जवाब देने वाला देश है। उरी हमले के बाद की सर्जिकल स्ट्राइक और पहलगाम हमले के बाद हुए ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की नई ताकत को दुनिया के सामने प्रदर्शित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भी विकसित भारत के संकल्प में समान रूप से योगदान दे रहा है और राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर योजना का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे तथा युवाओं को अधिक से अधिक स्वरोजगार के अवसर मिलें।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
