दीपावली अवकाश की तिथि बदलने की मांग, कर्मचारी परिषद ने मुख्यमंत्री से 21 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की अपील की

देहरादून। उत्तराखंड राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आगामी दीपावली पर्व पर घोषित सार्वजनिक अवकाश की तिथि संशोधित करने की मांग की है। परिषद का कहना है कि इस वर्ष दीपावली का मुख्य पर्व 21 अक्टूबर को मनाया जाएगा, जबकि शासन की अधिसूचना में गलती से 20 अक्टूबर 2025 को अवकाश घोषित किया गया है। परिषद के प्रदेश महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में स्पष्ट किया कि सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अवकाश सूची में दीपावली का अवकाश 20 अक्टूबर दर्शाया गया है, जो धार्मिक परंपराओं और पंचांग गणना के अनुसार सही नहीं है। उन्होंने कहा कि विभिन्न धार्मिक पंचांगों, ज्योतिषीय गणनाओं और मंदिर समितियों द्वारा निर्धारित तिथियों के अनुसार दीपावली का मुख्य पर्व 21 अक्टूबर को पड़ेगा, जब देशभर में माँ लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा विधिवत रूप से की जाएगी। भट्ट ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि दीपावली केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं है, बल्कि यह सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी पूरे राज्य में अत्यंत उल्लास, पारिवारिक एकता और सद्भाव का प्रतीक पर्व है। इस दिन सरकारी कर्मचारी अपने परिवारों के साथ पारंपरिक पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन और सामूहिक कार्यक्रमों में भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि गलत तिथि पर अवकाश होने से कर्मचारी और आम नागरिक दोनों ही असुविधा में पड़ेंगे तथा वास्तविक पर्व के दिन कार्यस्थल पर उपस्थिति सुनिश्चित करना कठिन होगा। परिषद ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि कर्मचारियों और आम जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए दीपावली का सार्वजनिक अवकाश 21 अक्टूबर 2025 को घोषित किया जाए। परिषद का कहना है कि राज्य सरकार हमेशा जनता की धार्मिक और सांस्कृतिक आस्थाओं का सम्मान करती आई है, इसलिए इस बार भी इस त्रुटि को सुधारते हुए सही तिथि पर अवकाश घोषित किया जाना उचित होगा।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment