हल्द्वानी। सोने के लगातार बढ़ते दामों का असर इस दीपावली पर ग्राहकों की खरीदारी पर साफ दिखाई दे रहा है। इस बार जहां पहले की तरह सोने की ज्वैलरी की भारी मांग देखने को नहीं मिल रही, वहीं चांदी की ज्वैलरी जैसे चोकर, ब्रेसलेट, पायल और एंटीक सिक्के ग्राहकों की पहली पसंद बन गए हैं।ज्वैलर्स के अनुसार, इस वर्ष अधिकतर ग्राहक 24 कैरट का कच्चा सोना या सोने के सिक्के निवेश के रूप में खरीदना पसंद कर रहे हैं, ताकि भविष्य में बेहतर रिटर्न प्राप्त कर सकें। कई ज्वैलर्स पुराने सोने पर 35 से 40 प्रतिशत तक का रिटर्न भी निवेशकों को दे रहे हैं।बीते वर्षों में धनतेरस से पहले ही सोने की ज्वैलरी की जोरदार बिक्री होती थी, लेकिन इस बार दामों में लगातार बढ़ोतरी के कारण बाजार में सुस्ती नजर आ रही है। वर्तमान में 10 ग्राम सोने का भाव ₹1,33,000 और प्रति किलो चांदी ₹1,90,000 तक पहुंच चुकी है।हालांकि कई कारोबारियों का कहना है कि सोने-चांदी के भाव अचानक गिर भी सकते हैं, जिसके चलते ग्राहक अभी असमंजस की स्थिति में हैं कि खरीदारी अभी करें या कुछ समय बाद। इसका सीधा असर बाजार में भी देखा जा रहा है, जहां ज्वैलरी की दुकानों पर इस बार ग्राहकों की संख्या काफी कम रही।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
