खटीमा। भैया दूज पर्व मनाने के लिए गुरुवार सुबह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे। लोहियाहेड स्थित हेलीपैड पर पहुंचते ही जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित स्थानीय नागरिकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।मुख्यमंत्री के आगमन पर हेलीपैड परिसर “धामी जी अमर रहें” और “जय उत्तराखंड” के नारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने लोगों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और उनकी विभिन्न समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही न बरतने और प्राथमिकता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए।इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन चौहान, रंदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, एडीएम पंकज उपाध्याय, एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, एसडीएम तुषार सैनी सहित प्रशासनिक और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।हेलीपैड पर जनसंपर्क के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार द्वारा नगला तराई के कालापुल स्थित अपने निजी आवास के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने परिवारजनों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार भैया दूज का पर्व हर्षोल्लास से मनाया।मुख्यमंत्री की माता बिशना देवी, बड़ी बहन नंदी देवी और गांव की महिलाओं ने तिलक लगाकर व सिर पूजकर उनकी दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। परिवारिक वातावरण में स्नेह और अपनत्व का माहौल देखने लायक था। मुख्यमंत्री ने सभी परिजनों और ग्रामवासियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उपहार भेंट किए।मुख्यमंत्री ने कहा कि भैया दूज का यह पर्व पारिवारिक स्नेह, सम्मान और परंपराओं को जोड़ने का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आपसी प्रेम, सौहार्द और सहयोग की भावना को बनाए रखने की अपील भी की।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
