टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बनबसा स्थित लैंड पोर्ट परियोजना के स्थलीय निरीक्षण कार्यक्रम की कवरेज करने जा रही जिला सूचना विभाग की टीम पर शुक्रवार सुबह मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में जिला सूचना अधिकारी (डीआईओ) समेत सूचना विभाग के चार कर्मचारी घायल हो गए। घायलों को तत्काल उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि सभी की हालत अब स्थिर है।जानकारी के अनुसार, जिला सूचना अधिकारी धीरज कार्की (26) पुत्र भगत सिंह, सूचना विभाग के कर्मचारी संजय सक्टा (41) पुत्र प्रेम बल्लभ निवासी चंपावत, गोपाल दत्त (40) पुत्र धर्मानंद निवासी बडोली, चंपावत और सुधीर कुमार (45) पुत्र मोहन लाल निवासी नैनीताल शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की कवरेज के लिए वाहन से लैंड पोर्ट स्थल की ओर जा रहे थे। रास्ते में गड़ीगोठ के समीप अचानक झुंड में आई मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया।हमले के बाद चारों कर्मी वाहन से उतरकर किसी तरह अपनी जान बचाते हुए पास के खेतों में भागे, लेकिन मधुमक्खियों ने उनके सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई डंक मार दिए। कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ने लगी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर मोहम्मद उमर की देखरेख में सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया। डॉक्टर ने बताया कि सभी कर्मियों की स्थिति अब सामान्य है और खतरे से बाहर हैं।गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में गुरुवार को भी मधुमक्खियां हमलावर हो गई थीं। ककराली गेट के पास कई राहगीरों को मधुमक्खियों ने डंक मारे थे, जिनमें से दो को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल लाया गया था। लगातार दो दिनों से मधुमक्खियों की इस सक्रियता से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि वन विभाग क्षेत्र में सक्रिय मधुमक्खी कॉलोनियों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करे ताकि लोगों की जानमाल का खतरा टाला जा सके।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
