मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 30 अक्टूबर को बिहार चुनावी दौरे पर, कल्याणपुर और हरसिद्धि में करेंगे जनसभाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आगामी 30 अक्टूबर को बिहार के दो दिवसीय चुनावी दौरे पर जा रहे हैं, जहां वे मोतिहारी जिले के कल्याणपुर और हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं करेंगे। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व द्वारा जिन प्रमुख नेताओं को प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है, उनमें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का नाम भी शामिल है। समान नागरिक संहिता लागू करने, सख्त नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति जैसे ऐतिहासिक निर्णयों के चलते देशभर में चर्चित हो चुके मुख्यमंत्री धामी अब बिहार के मैदान में पार्टी को मजबूती देने में जुटे हैं।मुख्यमंत्री इससे पहले भी बिहार के गोरियाकोठी, वारसलीगंज और सिवान जैसे विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के लिए जनसभाएं कर चुके हैं। पार्टी के कार्यक्रम विभाग संयोजक सुशील चौधरी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री धामी 30 अक्टूबर को सुबह 11:15 बजे पटना हवाई अड्डे से निजी विमान द्वारा कल्याणपुर रवाना होंगे। वहां वे महात्मा गांधी मिडिल स्कूल ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद अपराह्न में मुख्यमंत्री हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्र के महावीर रामेश्वर इंटर कॉलेज, सोनवर्षा में आयोजित दूसरी जनसभा में भाग लेंगे।पार्टी सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री धामी के इस दौरे से बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रचार अभियान को नई गति मिलने की उम्मीद है। धामी की साफ-सुथरी छवि, युवाओं में लोकप्रियता और उनके नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार द्वारा लिए गए निर्णायक फैसले बिहार में भी मतदाताओं को प्रभावित कर रहे हैं। भाजपा के स्थानीय नेताओं ने उनके स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं, जबकि दोनों ही सभाओं में भारी जनसमूह जुटने की संभावना जताई जा रही है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment