देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित विधानसभा के विशेष सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दोनों ने प्रदेश के उज्जवल भविष्य और आत्मनिर्भरता के संकल्प पर जोर दिया। मुख्यमंत्री धामी ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आशीर्वाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और जनता के अटूट सहयोग से उत्तराखंड को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य के रूप में स्थापित करने के विकल्प रहित संकल्प में हम अवश्य सफल होंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का जीवन स्वयं संघर्ष, समर्पण और राष्ट्र सेवा का प्रेरक उदाहरण है, और उनका उत्तराखंड आगमन प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उनके आशीर्वाद से उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 25 वर्षों में उत्तराखंड ने विकास के अनेक नए अध्याय लिखे हैं। पर्वतीय राज्य होते हुए भी यहां के लोगों ने सीमित संसाधनों में आत्मविश्वास, परिश्रम और समर्पण के बल पर राज्य को शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां दिलाई हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड न केवल देवभूमि है बल्कि वीरभूमि भी है, जिसने देश की सुरक्षा में अनगिनत शौर्य गाथाएं लिखी हैं। राष्ट्रपति ने विधान सभा के विशेष सत्र की सराहना करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की सशक्तता और जनता के प्रति जवाबदेही ही सुशासन की आत्मा है। उन्होंने कहा कि जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप नीतियां बनाने और उन्हें जमीनी स्तर पर लागू करने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। राष्ट्रपति ने राज्य सरकार की उन पहलों की प्रशंसा की जो युवा रोजगार, ग्रामीण विकास और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में की गई हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर उत्तराखंड का सपना तभी साकार होगा जब विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण का संतुलन भी कायम रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर सहयोग कर रही है — चाहे वह चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना हो, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन हो, या पर्यटन एवं उद्योग को प्रोत्साहित करने के नए निवेश प्रयास। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की रजत जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि बीते 25 वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव और अगले 25 वर्षों के सुनहरे भविष्य की रूपरेखा है। उन्होंने कहा कि “विकल्प रहित संकल्प” के साथ सरकार राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के मिशन पर कार्य कर रही है। राष्ट्रपति ने विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और सभी विधायकों को इस ऐतिहासिक अवसर पर बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखंड आने वाले समय में अपने प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक वैभव और ईमानदार शासन के कारण पूरे देश के लिए एक आदर्श राज्य बनेगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
