रुद्रपुर। भूरारानी कॉलोनी में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला की हत्या की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि महिला की हत्या उसके ही पति ने की और शव को फर्श पर छोड़कर वह कंपनी में ड्यूटी करने चला गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका का मुंहबोला भाई अंकित दिवाकर घर पहुंचा और फर्श पर पड़ी मधु की लाश देखकर दंग रह गया।अंकित ने पहले पुलिस को और फिर आरोपी पति अनिल को फोन किया, लेकिन अनिल ने हैरान कर देने वाला जवाब दिया — “वो मर गई है तो मैं क्या करूं, जाकर उसकी लाश को कबाड़ में फेंक दो।” अंकित ने यह बात मौके पर पहुंची पुलिस को बताई।अंकित के अनुसार, मृतका मधु संस्कारी और शांत स्वभाव की महिला थी। उसका एक भाई पुलिस विभाग में तैनात है। अनिल लंबे समय से बेरोजगार था और मात्र दो महीने पहले ही उसने कंपनी में काम शुरू किया था। इस दौरान मधु ही कामकाजी थी और घर का खर्च उठा रही थी।छह महीने से दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते थे। वजह थी अनिल का किसी दूसरी महिला से फोन पर बात करना। मधु को यह बात नागवार गुजरती थी क्योंकि उसने प्रेम विवाह के बाद अनिल से शादी की थी।बुधवार सुबह भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। अंकित की पत्नी बीच-बचाव कर चली गई और कुछ देर बाद उसने अंकित को कहा कि मधु को खाना खाने के लिए बुला लाओ। जब अंकित मधु के घर पहुंचा, तो मधु बेहोश पड़ी थी और उसकी सांसें थम चुकी थीं। उसने मधु को उठाकर बिस्तर पर रखा और तुरंत अनिल को फोन किया, जिस पर आरोपी ने वही निर्दयी जवाब दिया। कुछ देर बाद अनिल कंपनी से लौट आया, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।—मां को बताया – “बहू मर गई, जल्दी आ जाओ”अनिल की मां उर्मिला भी भूरारानी क्षेत्र की एक अन्य कॉलोनी में रहती हैं। घटना के बाद अनिल ने मां को फोन कर बताया कि मधु मर गई है और उन्हें जल्दी कमरे पर आने को कहा। लेकिन जब तक उसकी मां वहां पहुंची, पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी थी।—टूटी चूड़ियां और बिखरा सामान, मधु के संघर्ष की गवाहीजिस कमरे में मधु का शव मिला, वहां टूटी हुई चूड़ियां और बिखरा हुआ सामान पड़ा था। इससे साफ जाहिर होता है कि मधु ने अपनी जान बचाने के लिए आखिरी दम तक संघर्ष किया। कमरे में तकिया भी पड़ा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने गला घोंटकर या तकिया से मुंह दबाकर हत्या की।—घनी आबादी के बावजूद किसी को नहीं लगी भनकमधु का घर घनी आबादी वाले इलाके में स्थित है। सामने और बगल में लोग रहते हैं, लेकिन किसी को भी झगड़े या हत्या की भनक तक नहीं लगी। जब अंकित ने शोर मचाया, तभी आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।—पुलिस ने कहा – पति की भूमिका संदिग्धएसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।> “हत्याकांड का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। पति की भूमिका पूरी तरह संदिग्ध है।” — मणिकांत मिश्रा, एसएसपी
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
