स्मार्ट मीटर शिकायतों पर UPCL की बड़ी कार्रवाई, प्रदेशभर में मीटर बदलने पर रोक; समाधान तक मेगा कैंपों में निस्तारण होगा

:देहरादून में स्मार्ट मीटरों को लेकर लगातार बढ़ रही उपभोक्ता शिकायतों के बीच उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने बड़ा फैसला लेते हुए स्मार्ट मीटर बदलने की प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। 22 नवंबर 2025 को प्रबंध निदेशक की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में जनप्रतिनिधियों और उपभोक्ताओं द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया गया, जिसके बाद स्पष्ट निर्देश जारी किए गए कि जब तक स्मार्ट मीटरों से जुड़ी हर शिकायत का पूर्ण निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक प्रदेश में किसी भी उपभोक्ता का स्मार्ट मीटर नहीं बदला जाएगा। फिलहाल केवल नई सेवा कनेक्शन (NSC) और IDF मीटरों को ही स्मार्ट मीटरों से बदले जाने की अनुमति दी गई है, जबकि बाकी सभी क्षेत्रों में मीटर परिवर्तन पूरी तरह रोक दिया गया है। UPCL ने सभी उपखण्डों को विशेष मेगा कैंप आयोजित करने के आदेश दिए हैं, जहाँ स्मार्ट मीटरों से जुड़ी शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा, और इन कैंपों में AMISP के तकनीकी कार्मिकों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है ताकि कोई भी तकनीकी समस्या तुरंत दूर की जा सके। इसके अतिरिक्त, क्षेत्रीय मुख्य अभियंताओं को अपने क्षेत्रों की सभी शिकायतों के निस्तारण की पुष्टि करते हुए विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय को भेजने का दायित्व सौंपा गया है; मुख्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद ही मीटर बदलने की प्रक्रिया दोबारा शुरू की जाएगी। मुख्य अभियंता (सम्बद्ध) एवं निदेशक (परिचालन) बी.एम.एस. परमार द्वारा जारी इस पत्र के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि उपभोक्ताओं की चिंताओं का प्रभावी समाधान होगा और स्मार्ट मीटरिंग प्रणाली में पारदर्शिता व विश्वास को मजबूती मिलेगी।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment