काशीपुर। सड़क दुर्घटना के मामले में मृतक के भाई ने आईटीआई पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। उ-प्र- के जिला रामपुर थाना स्वार के ग्राम लाड़पुर निकट वथुआखेड़ा निवासी तौफिक पुत्र नन्हू ने आईटीआई पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसका भाई दानिश बीती 26 नवंबर को थाना स्वार के ग्राम मझरा बहादर, स्वार निवासी अपने दोस्त अहसान पुत्र आसक अली के साथ अपनी बाईक संख्या यूपी 22एएस 8177 से आरके इंडस्ट्री मानपुर रोड काशीपुर से काम करने के बाद अपने घर वापस आ रहा था कि रास्ते में लोहिया पुल के पास शाम करीब 6 बजे उसने अचानक किसी काम के लिए सड़क किनारे बाईक रोकी तभी सामने से आ रहे ट्रक संख्या यूपी 25बीटी 1777 के चालक ने तेजी व लापरवाही से ट्रक चलाते हुए उनकी बाईक में टक्कर मार दी। जिससे दानिश की मौके पर मृत्यु हो गई तथा अहसान छिटक कर अलग गिर गया, उसे गंभीर चोटें आने पर रामपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर में उसकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
