नानकमत्ता। तहसील दिवस के दौरान प्रशासन ने जनसमस्याओं के समाधान में तेजी दिखाते हुए कुल 29 शिकायतें दर्ज कीं, जिनमें से लगभग 18 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। सीडीओ दिवेश शाशनी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अधिकारियों को क्षेत्र में स्वयं जाकर समस्याओं को समझना होगा और निर्धारित समयसीमा में ठोस समाधान सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने जिलापंचायत, पंचायत राज और नगर निकायों के अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा कूड़ा निस्तारण प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश भी दिए। तहसील दिवस में राशन कार्ड, पेयजल, आवास, बिजली, सड़क निर्माण, जल जीवन मिशन और नगर पंचायत से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। इनमें ग्राम कैथुलिया निवासी फूला सिंह की समस्या, कैथुलिया बाजार से सरोजा तक 1 किमी सड़क निर्माण, जल जीवन मिशन के नलों में जलप्रवाह के लिए विद्युत लाइन सुधार, पेयजल निगम और विद्युत विभाग को त्वरित निरीक्षण एवं सुधारात्मक कार्रवाई के आदेश तुरंत दिए गए।इसी प्रकार ग्राम हरैया निवासी जीत सिंह की अन्नत्योदय राशन कार्ड की मांग पर जिला पूर्ति अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम सलमती के लखविंदर सिंह की पेयजल हेतु नल स्थापना की मांग पर जल जीवन मिशन के तहत शीघ्र कनेक्शन देने के आदेश जारी हुए। बरकीडांडी निवासी ओम नारायण राणा द्वारा बरकीडांडी, नगला और किशनपुर में सड़क निर्माण की मांग पर लोनिवि को सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने और प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया। इसी तरह ग्राम पंचायत गिधौर की ओर से सड़क निर्माण और विद्यालय भवन मरम्मत की मांग पर लोनिवि तथा जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को डीपीआर बनाकर प्रस्तुत करने और मुख्य शिक्षा अधिकारी को सर्वे कर प्रस्ताव भेजने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। सीडीओ ने जोर देकर कहा कि तहसील दिवस प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद का सबसे प्रभावी माध्यम है, इसलिए अधिकारियों को जमीनी स्तर पर उपस्थिति रहकर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने भी कहा कि जिस स्तर पर समस्या उत्पन्न होती है, उसी स्तर पर उसका तुरंत समाधान होना चाहिए, ताकि जनता को राहत महसूस हो सके। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष, उपजिलाधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, पशुपालन, सिंचाई, लोनिवि, जल संस्थान, समाज कल्याण, युवा कल्याण, स्वास्थ्य और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
