कांग्रेसी नेता हरक सिंह रावत के विरुद्ध सिख समाज का फूटा गुस्सा, पुतला दहन कर किया प्रदर्शन

काशीपुर। देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ. हरक सिंह रावत द्वारा सिख समाज पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध अब उधमसिंह नगर तक पहुँच गया है। उनके बयान सरदार जी बारह बज गए”के वायरल होते ही न सिर्फ उत्तराखंड बल्कि पूरे देश में सिख समुदाय में भारी रोष फैल गया है। प्रदेशभर में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और कई स्थानों पर डॉ. रावत के पुतले दहन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में काशीपुर में भी गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा तथा शहर की संगत ने कड़ा विरोध जताते हुए राष्ट्रपति महोदय को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी काशीपुर के माध्यम से भेजkar मुख्य चौराहे पर सिख समाज के सैकड़ो लोगों ने कांग्रेसी नेता हरक सिंह रावत का पुतला दहन कर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदेश के साथ-साथ काशीपुर में भी सिख समाज की नाराज़गी उफान पर है और इस आग में अब राजनीतिक वार-पलटवार ने भी घी डाल दिया है। मेयर दीपक बाली ने हरक सिंह रावत पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि “हरक सिंह रावत का दिमाग अब पूरी तरह चल चुका है… उन्हें इलाज की सख्त ज़रूरत है।” बाली ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सिख समाज पर की गई अभद्र टिप्पणी की कीमत उन्हें चुकानी पड़ेगी और “उन्हें काशीपुर में घुसने नहीं दिया जाएगा” जब तक कि वे सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते। वहीं उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री गुरविंदर सिंह चंडोक ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि कांग्रेस की सोच कोई नई नहीं है 1984 में सिखों पर जो अत्याचार हुए थे, वही कांग्रेस की मानसिकता आज फिर हरक सिंह रावत के बयान से उजागर हो गई है। श्री चंडोक ने मांग की कि कांग्रेस पार्टी तुरंत हरक सिंह रावत पर कार्रवाई करे और उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाए, क्योंकि ऐसा बयान न सिर्फ सिख समाज का अपमान है बल्कि देश की साम्प्रदायिक एकता के लिए भी खतरा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि ऐसे विवादित बयान देकर देश के किसी भी धर्म या समुदाय को नीचा दिखाने वाले नेताओं पर कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने का दुस्साहस न कर सके।सिख समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध और तेज किया जाएगा। इस मौके पर सिख समाज के सैकड़ो लोग इस विरोध प्रदर्शन में शामिल रहे।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment