बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार तड़के मॉर्निंग वॉक के दौरान सूर्यकुंड पहुंचे, जहां उन्होंने सरयू नदी के दर्शन किए और सूर्य देव को जल अर्पित कर प्रदेश में शांति-समृद्धि की कामना की। दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने परिसर में मौजूद स्थानीय खिलाड़ियों से बातचीत की। उन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और बेहतर तैयारी ही उत्कृष्ट प्रदर्शन का आधार है। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित फिटनेस और खेल भावना बनाए रखने की सलाह भी दी।इसी दौरान सूर्यकुंड में टहल रही महिलाओं ने मुख्यमंत्री से अपनी समस्याएं साझा कीं। मुख्यमंत्री ने सभी मुद्दों को ध्यान से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मॉर्निंग वॉक के बाद मुख्यमंत्री ने सूर्यकुंड परिसर में हाल ही में चल रही खुदाई और बजरी निकासी का साइट-इंस्पेक्शन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष से पूछा कि परिसर में बड़े-बड़े गड्ढे कैसे बने और खुदाई किस अनुमति के तहत हो रही है। अध्यक्ष स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।इस बीच स्थानीय निवासियों ने मुख्यमंत्री के सामने खुलकर बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन और रेत निकासी चल रही है, जिसके कारण परिसर की संरचना प्रभावित हो रही है और लगातार गड्ढे बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अवैध रेत निकालने वाले लोग रात के समय सक्रिय रहते हैं, जिससे इलाके का पर्यावरण और स्थानीय सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रही हैं।मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्थिति की पूरी जांच करने, अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और जिम्मेदार व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक-पर्यटन स्थलों की पवित्रता और प्राकृतिक संरचना से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
