देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के ऊंचाई वाले कई इलाकों में रविवार को हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ ज़िले के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बादल घिर सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्का हिमपात भी देखने को मिल सकता है। 3200 मीटर से नीचे के पहाड़ी और सभी मैदानी जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है, लेकिन तापमान में गिरावट जारी रहेगी।मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का हल्का प्रभाव उत्तराखंड के पर्वतीय हिस्सों पर पड़ सकता है जिसके कारण रविवार के अलावा आठ दिसंबर को भी मौसम बिगड़ने की संभावना है। इस दिन भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बादल छाने, हवा तेज होने और छिटपुट बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। विभाग का कहना है कि यह बदलाव बहुत तीव्र नहीं होगा, लेकिन इससे इलाके में ठंडक और बढ़ सकती है।वहीं, नौ दिसंबर से 12 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम स्थिर और शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। इस अवधि में आसमान साफ रहेगा और धूप भी निकलेगी, लेकिन दिन और रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट होने की संभावना है। शुष्क मौसम के चलते सुबह-शाम शीतलहर की तीव्रता बढ़ सकती है और मैदानी जनपदों में घना या मध्यम कोहरा छाने की स्थिति भी बन सकती है, जिसका असर सड़क यातायात पर पड़ सकता है।मौसम विभाग ने यात्रियों और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। ऊंचाई वाले इलाकों में फिसलन की आशंका रहती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कोहरा विज़िबिलिटी कम कर सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि सूखी ठंड स्वास्थ्य पर भी असर डालती है, इसलिए बच्चों और बुजुर्गों को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी बड़े मौसमीय व्यवधान या भारी बर्फबारी का खतरा नहीं है, लेकिन तापमान लगातार नीचे जा रहा है, जिससे शीतलहर का प्रभाव पूरे प्रदेश में व्यापक रूप से महसूस किया जाएगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
