बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कपकोट क्षेत्र को अब तक का सबसे बड़ा विकास पैकेज देते हुए 108 करोड़ 11 लाख रुपये की 42 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मेगा पैकेज में 24 लोकार्पण शामिल हैं जिनकी लागत 62.15 करोड़ रुपये है, जबकि 18 नई योजनाओं का 45.95 करोड़ रुपये की लागत के साथ शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कागज़ी घोषणाओं से आगे बढ़कर वास्तविक धरातल पर काम करने की नीति पर चल रही है, और विकास के परिणाम जनता के सामने स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं, युवाओं, किसानों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे प्रयासों का विस्तृत उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए 70 करोड़ रुपये की डीबीटी सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी गई है। राज्य में 1.68 लाख महिलाएं आज लखपति दीदी के रूप में आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन चुकी हैं, जो महिला शक्ति की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।उन्होंने कहा कि बागेश्वर का पारंपरिक ताम्र शिल्प आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है और राज्य सरकार इस कला को और वैश्विक बाजारों तक पहुँचाने का प्रयास कर रही है। जनपद में कीवी उत्पादन भी तेजी से बढ़ा है और अब यहां की कीवी देश-विदेश में निर्यात हो रही है, जिससे स्थानीय किसानों की आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।सीएम धामी ने यह भी बताया कि कपकोट और आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों के चलते छह हजार लोग रिवर्स पलायन कर चुके हैं और अपने गांवों में नई संभावनाओं के साथ रोजगार और व्यवसाय स्थापित कर रहे हैं। मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी जनपद ने प्रगति की है, जहां 1.25 करोड़ रुपये से अधिक का उत्पादन दर्ज किया गया है, जो पहाड़ी क्षेत्रों में वैकल्पिक आजीविका को मजबूत कर रहा है।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बागेश्वर और कपकोट के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में भी यहां के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत सभी योजनाओं को तय समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि लाभ सीधे जनता तक पहुंचे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
