काशीपुर। नगर निगम प्रशासन ने नाला के ऊपर से पक्के चार अतिक्रमण जेसीबी से ध्वस्त कर दिए। जसपुर खुर्द में भी नाले के ऊपर से पक्के अतिक्रमण पर लाल निशान लगाकर कब्जाधारियों को खुद ही हटाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट के निर्देश पर नगर निगम के सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट ने टीम के साथ आज तड़के करीब पांच बजे मुरादाबाद रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। टीम ने मुरादाबाद रोड पर सहोता अस्पताल के पास नाले के ऊपर स्लैब डालकर बने पक्के अतिक्रमण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया और बंद नाले को जेसीबी से तली झाड़ सफाई कराई। सफाई निरीक्षक ने बताया जसपुर बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति ने नाले के ऊपर स्लैब डालकर वहां पक्का अतिक्रमण करा रहा था जिसे जेसीबी से ध्वस्त करा दिया है। जसपुर बस अड्डे के पास बने एक सुलभ शौचालय का भी अतिक्रमण करवाने के आरोप में 5000 का चालान किया गया। यहां सुलभ शौचालय के पास दो ठेलियां लगवाकर अतिक्रमण करवा रहा था। जसपुर खुर्द में कुंडेश्वरी रोड पर अधिकांश दुकानदारों ने नाले के ऊपर पक्की स्लैब डालकर व खोखा लगाकर कब्जा कर रखा है। निगम टीम ने यहां पर पक्के अतिक्रमण पर लाल निशान लगाए और अतिक्रमणकारियों को दो दिन का समय देकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद निगम जेसीबी से अतिक्रमण को ध्वस्त करेगी। टीम में सुपरवाइजर राजेश कुमार, बादल ऽत्री, पार्षद दीपा पाठक, दीपेंद्र कुमार, अनूप कुमार शामिल रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
