मुख्यमंत्री आवास कूच: नर्सिंग अभ्यर्थियों और पुलिस में भिड़ंत, महिला प्रदर्शनकारी से मारपीट का वीडियो वायरल

देहरादून। नर्सिंग एकता मंच के आह्वान पर सोमवार को सैकड़ों बेरोजगार अभ्यर्थी अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने निकले, लेकिन हाथीबड़कला क्षेत्र में पुलिस ने उन्हें बैरिकेड लगाकर रोक दिया। रोकने के प्रयास के दौरान करीब दो घंटे तक प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच जोरदार नोकझोंक, धक्का-मुक्की और बहसबाजी चलती रही, जिससे मौके पर कई बार स्थिति तनावपूर्ण हो गई।तनाव उस समय और बढ़ गया जब कूच में शामिल एक महिला प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि एक महिला पुलिसकर्मी ने उसके साथ मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद मामला और भड़क गया। वायरल वीडियो के चलते पुलिस की कार्यवाही पर सवाल उठने लगे हैं। बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर वैन से एकता विहार तक छोड़ दिया।नर्सिंग एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवल पुंडीर ने कहा कि संगठन वर्षवार भर्ती शुरू करने, आयु सीमा में ढील, लंबित रिक्तियों पर कार्रवाई और पिछली भर्तियों में हुई अनियमितताओं की जांच जैसी प्रमुख मांगों को लेकर कई दिनों से धरने पर बैठा है। सोमवार को इन्हीं मांगों के समर्थन में अभ्यर्थियों ने बड़े स्तर पर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का निर्णय लिया था।कूच के दौरान कांग्रेस पार्टी, उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी), बेरोजगार संघ और स्वाभिमान मोर्चा के कई नेता भी समर्थन देने पहुंचे। मंच ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण मार्च के बावजूद पुलिस ने अनावश्यक आक्रामकता दिखाई और प्रदर्शनकारियों के साथ बदसलूकी की। महिला पुलिसकर्मी द्वारा महिला प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारने की घटना को मंच ने “अत्यंत शर्मनाक” बताते हुए दोषी कर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।घटना के बाद पूरे मामले को लेकर बेरोजगार अभ्यर्थियों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि मांगें वर्षों से लंबित हैं, लेकिन सरकार समाधान के बजाय आवाज उठाने वालों को दबाने की कोशिश कर रही है। मंच ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उचित कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तीखे रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment