पीआरडी जवानों को बड़ी सौगात: 10 वर्ष सेवा के बाद सेवानिवृत्ति पर 18 लाख का एकमुश्त भत्ता, शहीदों के परिजनों को दोगुनी सहायता

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रान्तीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के हित में महत्वपूर्ण और संवेदनशील निर्णय लेते हुए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 वर्ष की सेवा पूर्ण करने के बाद सेवानिवृत्त होने वाले पीआरडी जवानों को अब 18 लाख रुपये का एकमुश्त सेवा-भत्ता प्रदान किया जा रहा है, जिससे सेवानिवृत्ति के बाद उनके जीवन को आर्थिक सुरक्षा मिल सके। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने साम्प्रदायिक दंगों के दौरान ड्यूटी करते हुए मृत्यु होने पर पीआरडी जवान के परिवार को दी जाने वाली सहायता राशि को एक लाख रुपये से बढ़ाकर दो लाख रुपये किए जाने की भी घोषणा की है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को ननूरखेड़ा, देहरादून स्थित निदेशालय युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल परिसर में पीआरडी के ‘स्थापना दिवस’ के अवसर पर आयोजित रैतिक परेड कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने परेड की सलामी ली और पीआरडी जवानों के अनुशासन, सेवा भावना और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी जवान आपदा, कानून-व्यवस्था, चुनाव ड्यूटी और सामाजिक कार्यों में अहम भूमिका निभाते हैं और राज्य सरकार उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दिवंगत पीआरडी स्वयंसेवकों के आश्रितों को आर्थिक सहायता राशि के चेक प्रदान किए, वहीं पीआरडी जवानों के बच्चों को छात्रवृत्ति के चेक भी सौंपे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल जवानों की सेवा अवधि तक ही नहीं, बल्कि उनके परिवारों और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी पीआरडी जवानों के हितों से जुड़े फैसले लिए जाते रहेंगे और उनकी सुविधाओं में लगातार सुधार किया जाएगा।मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि पीआरडी बल राज्य की सुरक्षा व्यवस्था की एक मजबूत कड़ी है और सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पीआरडी जवान, अधिकारी और उनके परिजन मौजूद रहे, जिन्होंने मुख्यमंत्री के इन फैसलों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment