महक क्रांति नीति की शुरुआत: मुख्यमंत्री धामी ने पांच एरोमा सेटेलाइट सेंटरों का किया शिलान्यास, 91 हजार किसानों को सगंध खेती से जोड़ने का लक्ष्य

ज्योतिर्मठ/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से परसारी, ज्योतिर्मठ में एरोमा सेटेलाइट सेंटर का शिलान्यास किया। इस अवसर पर ब्लॉक सभागार में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल को कृषि क्षेत्र के लिए एक नई दिशा देने वाला कदम बताया। उत्तराखंड में सगंध फसलों की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा पांच जिलों में एरोमा सेटेलाइट सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं, जहां किसानों को प्रशिक्षण, पौध सामग्री, तकनीकी मार्गदर्शन और प्रसंस्करण जैसी सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर ‘महक क्रांति नीति’ की भी शुरुआत की और इसके तहत चमोली, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत और उत्तरकाशी जिलों में स्थापित होने वाले पांच एरोमा सेटेलाइट सेंटरों का शिलान्यास किया। योजना के अनुसार चमोली और अल्मोड़ा जिलों में डेमेस्क गुलाब, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जिलों में तिमूर, जबकि चंपावत जिले में तेजपात से संबंधित एरोमा सेटेलाइट सेंटर बनाए जाएंगे। इसके अलावा सगंध पौधा केंद्र सेलाकुई द्वारा भाऊवाला में एरोमा की विभिन्न किस्मों का एक आधुनिक सेटेलाइट सेंटर पहले ही तैयार किया जा चुका है, जिसका मुख्यमंत्री ने लोकार्पण भी किया।प्रदेश सरकार की महक क्रांति नीति के अंतर्गत आने वाले दस वर्षों में करीब 91 हजार किसानों को सगंध खेती से जोड़ने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस नीति के तहत किसानों को नर्सरी विकास, खेती और प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना के लिए 50 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी प्रदान की जाएगी। यदि कोई किसान एक हेक्टेयर भूमि पर सगंध खेती करता है तो उसे 80 प्रतिशत तक अनुदान मिलेगा, जबकि एक हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में खेती करने पर 50 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।सगंध पौधा केंद्र सेलाकुई के निदेशक नृपेंद्र सिंह चौहान ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी द्वारा महक क्रांति नीति की विधिवत शुरुआत की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पांच एरोमा सेटेलाइट सेंटर स्थापित होने से किसानों को सगंध पौधों की खेती के लिए पौध उत्पादन, तकनीकी प्रशिक्षण, प्रसंस्करण और विपणन से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे किसानों की आय में वृद्धि और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि महक क्रांति नीति उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि को लाभकारी बनाने के साथ-साथ किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment