आंध्रप्रदेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आंध्रप्रदेश के अन्नामय्या जिले के मदनपल्ली में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने आंध्रप्रदेश भाजपा द्वारा आयोजित ‘अटल–मोदी सुशासन यात्रा’ में भाग लिया और जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर आयोजित इस यात्रा में शामिल होकर वे स्वयं को अत्यंत गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और मानवीय मूल्यों का जीवंत प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि अटल जी केवल एक महान राजनेता ही नहीं, बल्कि एक दूरदर्शी नेता, संवेदनशील कवि और मजबूत लोकतांत्रिक सोच के प्रतीक थे। उनके विचार और नीतियां आज भी देश के लिए मार्गदर्शक हैं।सीएम धामी ने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में देश ने सुशासन, विकास और राष्ट्रीय एकता की नई दिशा देखी। सड़क, संचार और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उनके द्वारा लिए गए फैसलों ने भारत के विकास को नई गति दी। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अटल जी के विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर आगे बढ़ रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘अटल–मोदी सुशासन यात्रा’ केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सुशासन, राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने विश्वास जताया कि अटल जी के आदर्शों से प्रेरित होकर भाजपा देशभर में मजबूत, पारदर्शी और जनहितकारी शासन को और सशक्त बनाएगी।कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण के साथ ही कार्यक्रम में देशभक्ति और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प का वातावरण देखने को मिला।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
