हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने नैनीताल जिले के भीमताल विधानसभा क्षेत्र के लेटीबूंगा स्थित हिमगिरि स्टेडियम में 123 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत से कुल 17 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड़े, जहां स्थानीय जनता ने युवा मुख्यमंत्री का भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार राज्य के समग्र विकास के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और जनसांख्यिकीय संतुलन को सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सख्त धर्मांतरणरोधी कानून और दंगारोधी कानून लागू कर सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि देवभूमि में अराजकता और कट्टरपंथ को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।सीएम धामी ने लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद जैसे मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इन मुद्दों पर की जा रही सख्त कार्रवाई से कांग्रेस के लोग परेशान हैं, क्योंकि उन्हें लैंड जिहाद करने वाले अच्छे लगते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देवभूमि की डेमोग्राफी को बिगाड़ने के उद्देश्य से ऐसे क्षेत्रों में विशेष समुदाय को बसाया, जहां पहले उनका कोई अस्तित्व नहीं था। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि उनकी सरकार देवभूमि के मूल स्वरूप को किसी भी कीमत पर खराब नहीं होने देगी।रामगढ़ के लेटीबूंगा स्थित हिमगिरी मैदान से मुख्यमंत्री ने लगभग 112 करोड़ रुपये की लागत से 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने भीमताल क्षेत्र में अवैध कब्जों का मामला भी उठाया और कहा कि उनके संज्ञान में यह विषय है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि धर्म की आड़ में किए जा रहे अवैध कब्जे और लैंड जिहाद को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे निर्माणों को कानून के तहत मिट्टी में मिला दिया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार विकास, सुशासन और कानून-व्यवस्था के साथ कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड में विकास भी होगा और देवभूमि की पहचान भी सुरक्षित रहेगी। जनसभा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
