आधुनिक युद्ध अब सिर्फ मोर्चे तक सीमित नहीं: आईएमए पासिंग आउट परेड में बोले थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी

देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) की 157वीं पासिंग आउट परेड के अवसर पर शनिवार को ऐतिहासिक ड्रिल स्क्वायर से थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भविष्य के युद्ध स्वरूप और सेना की बदलती भूमिका पर गहन विचार रखे। बतौर मुख्य अतिथि अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आधुनिक युद्ध अब केवल सैन्य मोर्चों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसमें तकनीकी, कूटनीतिक और सामाजिक आयाम भी उतने ही महत्वपूर्ण हो गए हैं। ऐसे समय में भारतीय सेना निरंतर आधुनिकीकरण और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ रही है, और नव-नियुक्त अधिकारी इस परिवर्तन प्रक्रिया के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ होंगे।थलसेना प्रमुख ने अपने संबोधन में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का संदर्भ देते हुए कहा कि आज के समय में कूटनीति और निर्णायक सैन्य कार्रवाई के बीच संतुलन और समन्वय अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में परिस्थितियां और अधिक जटिल होंगी, जहां हर समस्या का स्पष्ट और सीधा समाधान उपलब्ध नहीं होगा। ऐसे में सेना के अधिकारियों से विवेकपूर्ण निर्णय क्षमता, परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने की योग्यता और उच्च नैतिक मूल्यों के साथ नेतृत्व करने की अपेक्षा की जाएगी।जनरल द्विवेदी ने कहा कि आईएमए में प्रशिक्षण के दौरान बने आपसी संबंध केवल व्यक्तिगत नहीं होते, बल्कि ये भविष्य में देशों के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नव-नियुक्त अधिकारियों से आह्वान किया कि वे भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखते हुए तकनीकी दक्षता, मानवीय संवेदनशीलता और रणनीतिक सोच को अपने नेतृत्व का आधार बनाएं।थलसेना प्रमुख ने कहा कि भारतीय सेना आने वाले समय में नई चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है, और इसमें युवा अधिकारियों की भूमिका निर्णायक होगी। परेड के दौरान अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की झलक साफ दिखाई दी, जो यह दर्शाती है कि आईएमए से निकलने वाले अधिकारी देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए हर परिस्थिति में खड़े रहने को तैयार हैं।157वीं पासिंग आउट परेड न केवल एक सैन्य प्रशिक्षण की पूर्णता का प्रतीक बनी, बल्कि यह भविष्य के भारतीय सैन्य नेतृत्व की सोच, दृष्टि और संकल्प को भी दर्शाने वाला ऐतिहासिक क्षण साबित हुई।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment