देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें। इसी उद्देश्य को लेकर राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की शुरुआत की है, जिससे युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। यह बात मुख्यमंत्री ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही, जहां उन्होंने स्वरोजगार योजना के तहत लाभार्थियों को सब्सिडी की राशि जारी की।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर दे रही है। इस योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता, सब्सिडी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे अपना खुद का व्यवसाय स्थापित कर सकें।उन्होंने कहा कि इस योजना का सबसे बड़ा लाभ यह हुआ है कि प्रदेश से होने वाले पलायन में कमी आई है और इसके साथ ही रिवर्स माइग्रेशन को भी बढ़ावा मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले रोजगार के अभाव में युवा पहाड़ों से पलायन करने को मजबूर थे, लेकिन अब वे अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर सृजित कर रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को स्टार्टअप, स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि उत्तराखंड का युवा आर्थिक रूप से मजबूत बने और अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराए।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें अपने व्यवसाय को ईमानदारी और मेहनत से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य में भी युवाओं के हित में इस प्रकार की योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाएगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
