डालनवाला कोतवाली परिसर में गंदगी पाए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नाराजगी के बाद देहरादून पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मुख्यमंत्री की नाराजगी को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने सख्त रुख अपनाया है और जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं।शनिवार को एसएसपी अजय सिंह ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी थानों और चौकियों के परिसरों में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने आम जनता से जुड़े संस्थान हैं, ऐसे में वहां गंदगी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।एसएसपी ने यह भी निर्देश दिए कि अब हर रविवार को पुलिसकर्मी रोटेशन के आधार पर एक घंटे का श्रमदान करेंगे और अपने-अपने थानों की साफ-सफाई करेंगे। इस पहल का उद्देश्य पुलिस थानों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी तय करना और अनुशासन बनाए रखना है। इस अभियान की शुरुआत शनिवार को डालनवाला कोतवाली से ही की गई।इसके साथ ही एसएसपी अजय सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक मामले का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद पुलिस प्रशासन में सक्रियता बढ़ गई है और थानों में साफ-सफाई व कार्यप्रणाली को लेकर निगरानी भी तेज कर दी गई है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
