देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को लेखक गांव, थानो (देहरादून) में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आयोजित अटल स्मृति व्याख्यान माला–2025 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अटल प्रेक्षागृह का लोकार्पण भी किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को राज्य का दर्जा दिलाने में अटल जी की ऐतिहासिक भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता आज भी अटल जी के उस निर्णय के लिए कृतज्ञ है, जिसने पहाड़ी राज्य की वर्षों पुरानी मांग को साकार किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल स्मृति व्याख्यान माला के माध्यम से अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रनिष्ठ भावना को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मर्यादाओं, मानवीय संवेदनाओं और समावेशी राजनीति का जीवंत उदाहरण रहा है।सीएम धामी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक दूरदर्शी विचारक, कवि और कुशल प्रशासक थे, जिनके विचार आज भी देश को दिशा देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अटल जी के आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
