काशीपुर। इंडस्ट्रियल एरिया महुआखेड़ागंज स्थित बंद पड़ी फैक्ट्री में तैनात गार्ड करमवीर सिंह पुत्र रंजीत सिंह का शव फैक्ट्री परिसर में संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गार्ड के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने ममाले में फैक्ट्री स्वामी समेत तीन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।बता दें यूपी के जिला बुलंदशहर के ग्राम सैदपुरा निवासी करमवीर सिंह इंडस्ट्रियल एरिया महुआखेड़ा गंज स्थित बंद पड़ी फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड थे और फैक्ट्री परिसर में ही रहते थे। बीते रविवार को किसी ने सूचना दी कि फैक्ट्री परिसर के मुख्य गेट के पास एक गार्ड का शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और सीसीटीवी फुटेज खगाले। बाद में शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के बेटे रिंकू ने बताया कि पुलिस ने सुबह करीब नौ बजे सूचना दी थी। इस पर वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। बताया कि उसके पिता के साथ उनके चाचा योगेंद्र सिंह का बेटा अपरांत (22) और एक अन्य व्यक्ति ओमपाल भी फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड है। रिंकू ने बताया उसका चचेरा भाई अपरांत व ओमपाल भी मौके पर नहीं मिले। अपरांत का मोबाइल फैक्ट्री परिसर में ही पुलिस को मिला। फैक्ट्री परिसर में लगे तीन सीसीटीवी कैमरे भी बंद थे। पता चला कि कैमरे की डीवीआर काफी समय से खराब है। बताया कि वह दो भाई हैं और ग्राम सैदपुरा में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। बहन की शादी हो गई है। उनके पिता महीने में एक-दो बार घर आते थे। परिजनों ने गर्दन पर चोट के निशान और पैंट खुली होने पर हत्या की आशंका जताई है। बताया कि अपरांत और ओमपाल के मिलने पर ही कुछ पता चल पाएगा। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर के मुताबिक मृतक के सीने और गर्दन पर चोट के निशान हैं। वहीं पुलिस ने मृतक के पुत्र रिंकू कुमार की तहरीर के आधार पर फैक्ट्री मालिक व उसके साथियों तथा अपरान्त के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं सीओ दीपक सिंह ने बताया कि परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही कुछ कहा जा सकता है। पुलिस घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे खगाल रही हैं ।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
