चमोली, उत्तराखंड – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा गोद लिए गए आदर्श ग्राम सारकोट को अब संवारेगी 21 वर्षीय प्रियंका नेगी। हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनावों में प्रियंका ने प्रधान पद पर जीत दर्ज कर, चमोली जनपद के सबसे बड़े गांवों में से एक की सबसे कम उम्र की प्रधान बनने का गौरव प्राप्त किया है।कर्णप्रयाग के अंतर्गत गैरसैंण विकासखंड स्थित इस गांव में प्रियंका नेगी ने अपनी प्रतिद्वंद्वी प्रियंका देवी को 186 मतों से हराया। उन्हें कुल 421 मत प्राप्त हुए, जबकि उनकी प्रतिद्वंदी को 235 वोट मिले। प्रियंका राजनीति शास्त्र से स्नातक हैं और फिलहाल 21 वर्ष 3 माह की उम्र में जनसेवा की राह पर कदम रख चुकी हैं।यह भी उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 से 2019 तक उनके पिता भी इसी गांव के प्रधान रह चुके हैं। यानी नेतृत्व और सेवा भावना प्रियंका को विरासत में मिली है।सारकोट गांव को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान आदर्श गांव घोषित किया था। पलायन न होने और सामाजिक स्थिरता को देखते हुए इसे मॉडल विलेज के रूप में चुना गया था। वर्तमान में इस गांव में 300 से अधिक परिवार निवास करते हैं।नवनिर्वाचित प्रधान प्रियंका नेगी ने कहा कि वह मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का कार्य करेंगी। गांव में युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास पर भी वह विशेष ध्यान देंगी

संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263