देहरादून। दून की पहचान ऐतिहासिक घंटाघर अब एक नए और भव्य स्वरूप में लोगों के सामने है। शनिवार शाम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घंटाघर के सौंदर्यीकरण और स्वचालित प्रकाश व्यवस्था का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से किए गए इस नवीनीकरण के बाद घंटाघर न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगा, बल्कि स्थानीय नागरिकों के लिए भी गर्व का प्रतीक बनेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए बनाए गए चार आधुनिक हिलांस-कम-किचन आउटलेट्स का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों के प्रसार में नई ऊर्जा भरेगी।
सीएम धामी ने कहा कि देहरादून की नाइटलाइफ को बढ़ावा देने के लिए घंटाघर पर की गई स्वचालित प्रकाश व्यवस्था इसे रात में भी जीवंत बनाएगी। यह पहल शहर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ ही नागरिकों में स्वच्छता, संरक्षण और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करेगी।
मुख्यमंत्री ने दून के विकास की योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि वर्तमान में 1400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहा है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हालांकि, पार्षदों को आमंत्रित न किए जाने पर कार्यक्रम को लेकर विवाद भी सामने आया और आयोजन के चलते शहर में जाम की स्थिति बनी रही।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
