देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंची हैं। शुक्रवार सुबह उन्होंने हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ विश्वविद्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लेकर अपने दौरे की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पतंजलि विवि के शिक्षण और शोध कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय परंपरा और आधुनिक विज्ञान का संगम ही वास्तविक ज्ञान की दिशा तय करता है।हरिद्वार से राष्ट्रपति मुर्मू देहरादून पहुंचीं, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। राजधानी में उन्होंने राष्ट्रपति निकेतन में नव-निर्मित फुट ओवर ब्रिज का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। राष्ट्रपति ने इस पहल को नागरिक सुविधा और सुरक्षा की दिशा में राज्य सरकार का सराहनीय कदम बताया। जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू आज देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन में ही रात्रि विश्राम करेंगी। उनके इस दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस विभाग ने उनकी यात्रा के मद्देनजर ट्रैफिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की पूरी समीक्षा की है। राष्ट्रपति का यह दौरा विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि 3 नवंबर को वह उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर आयोजित विधानसभा के विशेष सत्र को प्रातः 11 बजे संबोधित करेंगी। यह पहला अवसर होगा जब राज्य की रजत जयंती पर राष्ट्रपति स्वयं विधानसभा सत्र में शामिल होकर राज्य की जनता को संबोधित करेंगी।विशेष सत्र में राष्ट्रपति उत्तराखंड के 25 वर्षों की विकास यात्रा, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को लेकर अपने विचार साझा करेंगी। इसके बाद शाम को वह नैनीताल स्थित राजभवन में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेंगी, जहां उत्तराखंड की लोक संस्कृति और संगीत की झलक प्रस्तुत की जाएगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह दौरा उत्तराखंड के लिए गौरव और प्रेरणा का अवसर माना जा रहा है। उनके प्रवास से राज्य के सामाजिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक प्रयासों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
