मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण से दी 142 करोड़ की सौगात, चौखुटिया-घनसाली-ज्योतिर्मठ को उड़ान योजना से जोड़ने की घोषणा

भराड़ीसैंण (चमोली)। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती उत्सव के अवसर पर रविवार को ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के विधानसभा परिसर भराड़ीसैंण में आयोजित भव्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले को 142.25 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 43.63 करोड़ रुपये की 27 विकास योजनाओं का लोकार्पण और 98.62 करोड़ रुपये की 33 नई योजनाओं का शिलान्यास किया।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है और आने वाले वर्षों में उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि चौखुटिया, घनसाली और ज्योतिर्मठ को ‘उड़ान योजना’ से जोड़ा जाएगा, जिससे इन दूरस्थ क्षेत्रों में हवाई संपर्क की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को भी तेज़ और सुलभ परिवहन सुविधा मिलेगी।मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि भराड़ीसैंण और उसके आसपास के क्षेत्र को ‘स्मार्ट सिटी’ के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार ठोस कदम उठाने जा रही है, जिससे गैरसैंण को वास्तविक रूप में राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह प्रयास उत्तराखंड के संतुलित और समान विकास की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पर्व केवल जश्न का नहीं, बल्कि आत्ममंथन और संकल्प का भी है कि अगले 25 वर्षों में उत्तराखंड को विकसित भारत के सर्वश्रेष्ठ राज्य के रूप में स्थापित किया जाए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक उपस्थित रहे।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment