देहरादून में सोमवार को एक मीडिया समूह के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की दिल्ली रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ दिए गए नारों और कथित विषवमन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आचरण कांग्रेस की गहरी हताशा और निराशा को दर्शाता है तथा यह राजनीतिक मर्यादाओं के पतन और नीचता की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज देश के हर गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग के लिए आशा और विश्वास का प्रतीक बनकर काम कर रहे हैं, वहीं सीमाओं पर तैनात हमारे सैनिकों का मनोबल लगातार बढ़ा रहे हैं और वैश्विक मंच पर भारत का सम्मान ऊंचा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी ने सवाल उठाया कि ऐसे प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते कांग्रेस किस स्तर तक गिर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज कांग्रेस के तथाकथित ‘साहबजादे’ और ‘युवराज’ प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करते-करते देश का ही विरोध करने लगे हैं। मुख्यमंत्री ने बिहार विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने ओछी और नकारात्मक मानसिकता वाले नारे दिए थे, जिसका जवाब बिहार की जनता ने उन्हें करारा सबक सिखाकर दिया। मुख्यमंत्री धामी ने चेतावनी भरे स्वर में कहा कि यदि कांग्रेस इसी तरह की भाषा और सोच के साथ आगे बढ़ती रही, तो आने वाले समय में इस तरह के नारों से उसकी बची-खुची राजनीतिक जमीन भी समाप्त हो जाएगी। उन्होंने महात्मा गांधी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को कांग्रेस मुक्त करने की बात को सच साबित करने का काम आज स्वयं कांग्रेस के नेता अपने आचरण और बयानबाजी से कर रहे हैं।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
