मुंबई। साल 2026 के लिए घोषित फिल्मों में निर्देशक श्रीराम राघवन की आगामी फिल्म ‘इक्कीस’ सबसे ज्यादा चर्चा में है। अब तक सस्पेंस और नॉयर सिनेमा के लिए पहचाने जाने वाले राघवन इस बार वॉर बायोपिक के जरिए एक नया सिनेमाई अध्याय शुरू कर रहे हैं। फिल्म भारत के सबसे कम उम्र के परमवीर चक्र विजेता सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेतरपाल के साहस, बलिदान और सैन्य नेतृत्व की कहानी पर आधारित है।फिल्म में अगस्त्य नंदा अरुण खेतरपाल की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि जयदीप अहलावत एक अहम किरदार में नजर आएंगे। ‘इक्कीस’ को भावनात्मक रूप से खास बनाता है दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का अंतिम अभिनय, जो इस फिल्म के जरिए दर्शकों के बीच आखिरी बार बड़े पर्दे पर दिखाई देंगे। धर्मेंद्र फिल्म की रिलीज़ से पहले ही इस दुनिया को अलविदा कह गए, जिससे यह प्रोजेक्ट सिनेमा प्रेमियों के लिए भावनाओं से जुड़ गया है।सूत्रों के अनुसार, इक्कीस केवल युद्ध के दृश्यों तक सीमित नहीं होगी, बल्कि श्रीराम राघवन की विशिष्ट शैली में किरदारों की मनोस्थिति, निर्णयों के परिणाम और युद्ध की मानवीय कीमत को भी गहराई से दिखाएगी। यही वजह है कि फिल्म को 2026 की सबसे संवेदनशील और प्रभावशाली फिल्मों में गिना जा रहा है।जहां 2025 को हिंदी सिनेमा के लिए बदलाव और आत्मविश्लेषण का दौर माना जा रहा है, वहीं 2026 को बड़े बयानों का साल कहा जा रहा है। वॉर फिल्मों, पौराणिक कथाओं, फ्रेंचाइज़ी प्रोजेक्ट्स और स्टार-ड्रिवन फिल्मों के बीच इक्कीस जैसी फिल्में यह संकेत दे रही हैं कि आने वाला साल विरासत, महत्वाकांक्षा और सिनेमा के नए स्वरूप का गवाह बनेगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
