धौलादेवी विकासखंड की ग्राम पंचायत कोल में प्रथम खुली ग्राम सभा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें गांव की शांति, सामाजिक व्यवस्था और अनुशासन को बनाए रखने को लेकर एक अहम और सख्त निर्णय लिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि यदि कोई भी व्यक्ति शराब का सेवन कर गांव की शांति भंग करने या अशांति फैलाने का प्रयास करता है, तो उस पर 5000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही निर्णय का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के खिलाफ ग्रामवासियों की ओर से कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। यह फैसला गांव में बढ़ रही असामाजिक गतिविधियों और आपसी विवादों पर रोक लगाने के उद्देश्य से लिया गया है।बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान कमल जोशी ने की, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने गांव की सामाजिक संरचना, आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने को लेकर खुलकर अपने विचार रखे। इस प्रकार का अनुशासित और कठोर निर्णय लेने पर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान कमल जोशी का आभार व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि इस फैसले को प्रभावी ढंग से लागू कराने में वे पंचायत के साथ पूरी मजबूती से खड़े रहेंगे। ग्रामीणों का कहना था कि शराब के सेवन के कारण गांवों में घरेलू हिंसा, आपसी झगड़े और असामाजिक गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिस पर नियंत्रण बेहद जरूरी है।ग्राम सभा बैठक में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अर्जुन बनौला भी उपस्थित रहे। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी और सभी से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत और ग्रामीणों के सहयोग से ही गांव का सर्वांगीण विकास संभव है। बैठक के अंत में यह संकल्प लिया गया कि गांव में शांति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और पंचायत के फैसलों का पालन सभी ग्रामीण मिलकर सुनिश्चित करेंगे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
