उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को एंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि उत्तराखंड जैसे शांत प्रदेश में इस तरह की घटनाएं बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं हैं और सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।मुख्यमंत्री धामी ने बातचीत के दौरान बताया कि इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि इस हत्याकांड में शामिल एक आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था, जिसकी तलाश लगातार तेज की जा रही है। पुलिस की टीमें नेपाल सहित संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार अपराधियों के प्रति किसी भी तरह की नरमी नहीं बरतेगी और उत्तराखंड की शांति और कानून व्यवस्था को भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि न्याय की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और तत्परता के साथ पूरी की जाएगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
