काशीपुर। बाबरखेड़ा से तीन दिन पूर्व संदिग्ध हालत में लापता हुई दो वर्षीय मासूम बच्ची लाइबा का शव आज उसी के घर से करीब 30-40 मीटर की दूरी पर डॉग स्क्वायड की मदद से तालाब से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बता दें कि कुंडा थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम बाबरखेड़ा निवासी अशफाक की दो वर्षीय पुत्री लाइबा बीते 9 नवंबर की दोपहर करीब तीन बजे घर से संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक गायब हो गई थी। परिजनों द्वारा उसे तमाम स्थानों पर तलाश करने के बावजूद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर मामले की जानकारी पुलिस को दी गई जिससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मासूम की बरामदगी के लिए कई टीमों को लगा दिया। वहीं इस मामले में बच्ची के खिलाफ खोजबीन के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद लेते हुए शांति व्यवस्था के लिए गांव में पुलिस की तैनाती की गई। इसके अलावा तीन अन्य पुलिस टीमों ने भी सीसीटीवी, मुखबिर एवं अन्य संचार माध्यमों से बच्ची की खोजबीन शुरू कर दी थी। इसके बावजूद भी पुलिस को बच्ची के बारे के कोई सुराग हाथ नहीं लग रहा था। वहीं आज अपराह्न लगभग 11-30 बजे बच्ची की खोजबीन को लगाए गए डॉग स्क्वायड की टीम ने डॉग स्क्वायड की मदद से अशफाक के घर से करीब 40 मीटर दूर एक तालाब से बच्ची का शव बरामद कर लिया। बच्ची का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घटना स्थल पर आसपास के सैकड़ों लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों व परिजनों को समझाते हुए बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए काशीपुर भेजा है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
