मुख्यमंत्री धामी ने कहा – 2047 तक ‘विकसित भारत के लिए विकसित उत्तराखंड’ के मंत्र पर अग्रसर है राज्य

देहरादून, 10 नवम्बर। वन अनुसंधान संस्थान में आयोजित रजत जयंती वर्ष समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उत्तराखंड के समग्र विकास का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में जो कार्य हुए हैं, वे उत्तराखंड के उज्जवल भविष्य की मजबूत नींव साबित हो रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत के लिए विकसित उत्तराखंड’ के मंत्र को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है, ताकि राज्य समृद्धि और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को छू सके।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा सृजित उत्तराखंड आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने उल्लेख किया कि राज्य ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, जी-20 सम्मेलन की बैठकों, और 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से एक “नए, बदलते और आधुनिक उत्तराखंड” की झलक देश-दुनिया को दिखाई है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ त्रासदी, सिलक्यारा टनल हादसा, जोशीमठ भूधंसाव जैसी कठिन परिस्थितियों में प्रधानमंत्री मोदी ने संवेदनशीलता और तत्परता के साथ राज्य की जनता का साथ दिया, जिससे उत्तराखंड नई शक्ति और ऊर्जा के साथ आगे बढ़ सका।मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक अस्मिता, पारंपरिक पहचान और जनसांख्यिकीय संतुलन को संरक्षित रखने के लिए दृढ़ता से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, मतांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, और मदरसा बोर्ड की समाप्ति जैसे ऐतिहासिक कदम राज्य को एक समरस और संतुलित समाज की दिशा में आगे ले जा रहे हैं।धामी ने अपने संबोधन में कहा कि “शास्त्रों में वर्णित है कि राजा ही धर्म का कारण और रक्षक होता है, और जब राजा धर्मपरायण होता है, तो राज्य में सबका कल्याण होता है।” उन्होंने कहा कि यह सूत्र वाक्य प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व का सजीव उदाहरण है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की तीनों सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाई से दुश्मनों को करारा जवाब दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से उत्तराखंड अब कठिनाइयों से उबरकर नए संकल्प, नई ऊर्जा और नई दिशा के साथ विकास की राह पर दृढ़ता से आगे बढ़ रहा है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment