सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को दी विजयादशमी की शुभकामनाएं, बोले- सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने वालों की होती है विजय

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजयादशमी के पावन पर्व पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और अहंकार पर विनम्रता की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें सत्य, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी यदि हम सत्य और धर्म का साथ नहीं छोड़ते, तो अंततः विजय अवश्य प्राप्त होती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस पावन अवसर पर अपने भीतर की बुराइयों का त्याग करें और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा एकता को मजबूत बनाने का संकल्प लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने आचरण में सकारात्मक बदलाव लाने और भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का भी पर्व है। यह पर्व हमें अहंकार, अन्याय और बुराइयों को त्यागकर सत्य, मर्यादा और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश देता है। उत्तराखंड में विजयादशमी का पर्व पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। राजधानी देहरादून सहित विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रावण दहन के आयोजन किए जा रहे हैं। देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में बन्नू बिरादरी की ओर से भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाता है। वहीं, देहरादून और मसूरी में भी रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विजयादशमी के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना करते हुए सत्य, धर्म, सामाजिक सद्भाव और एकता के आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment