ऑपरेशन प्रहार के तहत काशीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 70 लीटर कच्ची शराब और अवैध भट्टियां बरामद

काशीपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत काशीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगा रोड क्षेत्र से 70 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक काशीपुर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में कोतवाली काशीपुर पुलिस ने 21 जुलाई को गश्त के दौरान जंगा रोड क्षेत्र में छापेमारी की। पुलिस को मौके से एक रबर ट्यूब में भरी 70 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा शराब तैयार करने के लिए उपयोग किए जा रहे दो ड्रम, दो मटकी, दो पाइप और एक बाल्टी बरामद हुई।जांच में पुलिस ने इस अवैध कारोबार से जुड़े अमरीक सिंह उर्फ विक्की पुत्र पूरन सिंह तथा सोनू पुत्र बलवीर सिंह, निवासी जंगा रोड, काशीपुर की पहचान की। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। दोनों के खिलाफ कोतवाली काशीपुर में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन बुधानी, उपनिरीक्षक कौशल भाकुनी, उपनिरीक्षक संजय सिंह, कांस्टेबल धीरज सिंह तथा कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार की टीम शामिल रही। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment