काशीपुर। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काशीपुर पहुंचने पर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। पत्रकारों से बातचीत में चंद्रशेखर आजाद ने किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी और औद्योगिक इकाइयों के पलायन को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन उन्हें अब तक उचित मुआवजा नहीं मिला है। वहीं, काशीपुर की औद्योगिक इकाइयों के पलायन पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कई कंपनियां सरकारी सब्सिडी का लाभ लेने के बाद क्षेत्र से चली गईं, जिससे स्थानीय युवाओं के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था को भी प्रमुख मुद्दा बताया।चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि काशीपुर संतों और गुरुओं की पावन धरती है और वह यहां की जनता का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। इस दौरान वह स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे। वहीं, शाम को पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठन की मजबूती पर चर्चा करेंगे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
