ट्यूलिप उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा, सीएम धामी ने व्यावसायिक खेती की कार्ययोजना बनाने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में ट्यूलिप पुष्प के व्यावसायिक उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जलवायु पुष्प उत्पादन के लिए अनुकूल है और ट्यूलिप जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों से किसानों की आय में वृद्धि की जा सकती है। इस दिशा में उद्यान विभाग को नवाचार और वैज्ञानिक पद्धतियों के साथ आगे बढ़ना होगा।शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री आवास परिसर स्थित उद्यान में ट्यूलिप बल्ब रोपण कर इस अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर 17 विभिन्न प्रजातियों के करीब चार हजार ट्यूलिप उगाने की पहल की गई। इनमें लेक पर्पल और बाईकलर जैसी आकर्षक रंगत वाली विशेष किस्मों के ट्यूलिप भी शामिल हैं, जो पुष्प उत्पादन के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोलते हैं।मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ट्यूलिप के व्यावसायिक उत्पादन के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे भविष्य में इसे किसानों के लिए लाभकारी विकल्प के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने पुष्प उत्पादन और बागवानी के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, नवाचार और मूल्य संवर्धन पर विशेष जोर दिया।इस दौरान मुख्यमंत्री ने उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित से ट्यूलिप उत्पादन की प्रक्रिया, जलवायु अनुकूलता और संभावित लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री आवास परिसर में हो रहे मशरूम उत्पादन, मौनपालन (मधुमक्खी पालन) और अन्य बागवानी गतिविधियों का भी अवलोकन किया और इन प्रयासों की सराहना की।मुख्यमंत्री ने कहा कि बागवानी, पुष्प उत्पादन, मशरूम और मौनपालन जैसे क्षेत्रों में विविधीकरण से न केवल स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से इन गतिविधियों को और अधिक व्यवस्थित व विस्तार देने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment