देहरादून। नव वर्ष के दौरान सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने 30 दिसंबर से एक जनवरी तक प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले कुल 101 चालकों को पकड़ा गया, जिनके ड्राइविंग लाइसेंस अब निरस्त किए जाएंगे। इनमें सबसे अधिक 49 मामले हरिद्वार जिले से सामने आए हैं।नए साल पर होने वाले आयोजनों और बढ़ती आवाजाही को देखते हुए विभाग ने सुरक्षित यातायात को प्राथमिकता दी थी। अभियान का मुख्य उद्देश्य शराब के नशे में वाहन चलाने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना था। इसी क्रम में जांच के दौरान विशेष रूप से ऐसे चालकों पर फोकस किया गया, जो शराब के सेवन के बाद वाहन चला रहे थे।अभियान को प्रभावी बनाने के लिए परिवहन विभाग ने 45 नए एल्कोमीटर भी खरीदे, जिन्हें प्रदेश के विभिन्न जिलों में तैनात किया गया। इन उपकरणों की मदद से चालकों की मौके पर ही जांच की गई। तीन दिनों तक चले इस सघन अभियान में बड़ी संख्या में चालकों की जांच की गई, जिसमें 101 वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़े गए।परिवहन विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे भी ऐसे अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
