देहरादून/मसूरी। यूपीएससी परीक्षा में चयन का झूठा दावा कर एक युवक से ठगी करने का मामला सामने आया है। आवश्यक पूछताछ के लिए पीड़ित युवक को कोतवाली मसूरी लाया गया, जहां थाने में हुई पूछताछ के दौरान सामने आया कि युवक उच्च शिक्षित है और वर्तमान में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। युवक ने पूरे मामले को लेकर पुलिस को एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई।जांच में खुलासा हुआ कि पुष्पेंद्र सिंह पुत्र राकेश कुमार सिंह द्वारा यूपीएससी परीक्षा में चयन कराने का झांसा देकर युवक से कुल 27,564 रुपये की ठगी की गई। आरोपी ने पहले 13,000 रुपये नकद लिए, जबकि 14,564 रुपये यूपीआई के माध्यम से अपने खाते में ट्रांसफर कराए। इसके बाद आरोपी ने भरोसा दिलाने के लिए व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी यूपीएससी रिजल्ट भी भेजा, जिससे युवक को उसके चयन का झूठा विश्वास हो गया।जब काफी समय बीतने के बाद भी न तो कोई आधिकारिक सूचना मिली और न ही आगे की प्रक्रिया शुरू हुई, तब युवक को ठगी का शक हुआ। मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंचने पर आरोपी की गतिविधियों की जांच की गई, जिसमें फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई। पुलिस ने इसे गंभीर मामला मानते हुए कोतवाली मसूरी में मु.अ.सं. (जीरो) 00/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चूंकि मामला दूसरे राज्य से जुड़ा हुआ है, इसलिए अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई के लिए केस संबंधित राज्य को भेजा जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इस तरह की ठगी किसी और के साथ तो नहीं की है। वहीं, पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में चयन या नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वालों से सावधान रहें और ऐसे मामलों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
