देहरादून। प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य विभाग प्रदेश की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में लंबे समय से रिक्त चल रहे वार्ड ब्वाय और पर्यावरण मित्र के कुल 1046 पदों को शीघ्र आउटसोर्स के माध्यम से भरने जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी तरह की देरी न हो और जल्द से जल्द इन पदों को भरा जाए, ताकि अस्पतालों में व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है। अस्पतालों में न केवल बुनियादी ढांचे का विकास किया जा रहा है, बल्कि आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और मानव संसाधन को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही स्वच्छता और साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, क्योंकि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए स्वच्छ वातावरण बेहद जरूरी है।उन्होंने जानकारी दी कि प्रस्तावित भर्ती में वार्ड ब्वाय के 680 और पर्यावरण मित्र के 366 पद शामिल हैं। वार्ड ब्वाय के रिक्त पदों में हरिद्वार जिले में 89, नैनीताल में 196, पौड़ी में 40, चमोली में 131, उत्तरकाशी में 38, अल्मोड़ा में 31, बागेश्वर में 10, पिथौरागढ़ में 99, चंपावत में 25 और स्वास्थ्य महानिदेशालय में 21 पद शामिल हैं। इन पदों के भरने से जिला अस्पतालों, उप जिला चिकित्सालयों और अन्य चिकित्सा इकाइयों में कार्यभार कम होगा और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि आउटसोर्स के माध्यम से की जाने वाली भर्ती में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त संख्या में वार्ड ब्वाय और पर्यावरण मित्रों की तैनाती से मरीजों की देखभाल, अस्पतालों की साफ-सफाई और समग्र स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक बेहतर, सुरक्षित और स्वच्छ स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सके।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
